
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में एक कालेज के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हमने चुनाव से पूर्व किए गए अपने सारे वादे पूरे किए हैं, सरकार जनता की सभी उपेक्षाओं पर खरी उतरी है। जल्द ही लोगों को 24 घंटे बिजली भी मिलने लगेगी। उन्होंने विकास के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी को भी बहस की चुनौती दे डाली।
यहां काफी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सीएम ने कालेज के कार्यक्रम में शिरकत की। शिकोहाबाद के एके महाविद्यालय के शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार दोपहर शिकोहाबाद पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री अखिलेश ने दावा किया सपा सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में प्रदेश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जनता और प्रदेश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को सपा सरकार में ही हरी झंडी दी गई है। यूं तो मंच गैर राजनीतिक ही था लेकिन मुख्यमंत्री ने सपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करने के लिए इसका भरपूर इस्तेमाल किया।
उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में 24 घंटे बिजली का सपना भी पूरा हो जाएगा। अखिलेश ने सपा और भाजपा पर भी जमकर प्रहार किए। कहा बसपा सरकार ने जनता का सारा पैसा मूर्तियों और पार्क बनाने में ही खर्च कर दिया तो भाजपा सरकार केवल विकास के दावे करती रह गई।
0 comments:
Post a Comment